Hindi News / india / कड़ी सुरक्षा के बीच पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में वोटिंग शुरू, दांव पर...

कड़ी सुरक्षा के बीच पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में वोटिंग शुरू, दांव पर ममता और स्टालिन की साख

West Bengal and Tamil Nadu Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है. कड़ी सुरक्षा के बीच वोटिंग जारी है. बंगाल में टीएमसी-बीजेपी और तमिल नाडु में डीएमके-एआईएडीएमके के बीच कड़ा मुकाबला है.

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 23, 2026, 7:42:58 AM

West Bengal and Tamil Nadu Assembly Election 2026

- फ़ोटो Google

West Bengal and Tamil Nadu Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को पहले चरण के तहत 152 सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। इस चरण में करीब 3.6 करोड़ मतदाता 16 जिलों के लगभग 44 हजार मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इस बार चुनाव केवल दो चरणों में कराए जा रहे हैं।


पहले चरण में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच करीब 80 सीटों पर सीधा मुकाबला माना जा रहा है, हालांकि कुछ क्षेत्रों में बहुकोणीय संघर्ष भी देखने को मिल सकता है। चुनाव आयोग ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं, जिनके तहत 2400 से अधिक केंद्रीय बलों की कंपनियां तैनात की गई हैं और हजारों मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है।


वहीं, तमिलनाडु में सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान हो रहा है। यहां 5.73 करोड़ से अधिक मतदाता 4000 से ज्यादा उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। राज्य में मुख्य मुकाबला डीएमके और एआईएडीएमके के बीच है।


मुख्यमंत्री एमके स्टालिन अपनी सत्ता बरकरार रखने की कोशिश में हैं, जबकि एडप्पडी के. पलानीस्वामी के नेतृत्व में एआईएडीएमके वापसी की उम्मीद कर रही है। चुनाव को शांतिपूर्ण और सुचारू बनाने के लिए पूरे राज्य में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।


बंगाल में मतदान के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोनारपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार रूपा गांगुली के समर्थन में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सत्ता से हटाने की अपील की। भगवा सजे वाहन पर सवार शाह ने समर्थकों का अभिवादन किया, जबकि सड़कों के किनारे बड़ी संख्या में लोग “भारत माता की जय” के नारे लगाते नजर आए।