PATNA: पटना में कल तक जहां लोग चिलचिलाती धूप और गर्मी से परेशान थे। वही आज बुधवार की सुबह से ही मौसम का मिजाज अचानक बदला नजर आ रहा है। दोपहर दो बजे मौसम और बदले गया और तेज हवा के साथ बूंदाबांदी होने लगी। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग ने पटना सहित कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। जिसमें गया, नालंदा जमुई, नवादा, अरवल, औरंगाबाद, भोजपुर, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, जहानाबाद, मुजफ्फरपुर,रोहतास, समस्तीपुर, सारण, सिवान, वैशाली और पश्चिमी चंपारण जिले के कुछ भागों में अगले तीन घंटे में हल्के से मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन, वज्रपात तथा वर्षा के साथ तेज हवा (हवा की गति 40-50 कि. मी. प्रति घंटे तक) होने की प्रबल संभावना है।
बताया जाता है कि देश में एक साथ दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने की वजह से मौसम बदल गया है। उत्तराखंड के चारों धाम केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में बर्फबारी हो रही है। वही उत्तराखंड के सभी जिलों में बारिश हो रही है। वही राजस्थान के नागौर, हनुमागढ़, श्रीगंगानगर सहित कई जिलों में आंधी तूफान के साथ बारिश और ओले पड़े। वहीं भरतपुर जिले में मकान पर बिजली गिरने से सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। जम्मू-कश्मीर के रामबन में लैंडस्लाइड से जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद हो गया है।
आज और कल कैसा रहेगा मौसम?
8 अप्रैल: उत्तराखंड, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली, यूपी में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना है। 40 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। बिहार, झारखंड, बंगाल, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बारिश के साथ ओले गिरने की आशंका जतायी गयी है।
9 अप्रैल: उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 30 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। असम-मेघालय में भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि मध्य और पूर्व भारत के कुछ हिस्सों में गरज और चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जतायी गयी है।



