1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 03, 2026, 7:41:09 PM
यूपी में बदलाव का संकेत - फ़ोटो सोशल मीडिया
PATNA: विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी इन दिनों यूपी में संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। इस बीच, यूपी की राजनीति में दिग्गज सुहेलदेव भारती समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रेमचंद कश्यप और पूर्व राज्यमंत्री अच्छे लाल निषाद ने आज अपने हजारों समर्थकों के साथ वीआईपी की सदस्यता ग्रहण की। इन सभी को पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी ने सदस्यता दिलाई और पार्टी में उनका स्वागत किया। वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने पार्टी में आने वाले सभी लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि इनके आने से पार्टी और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि यूपी के लोग अब बदलाव के लिए तैयार हैं।
वीआईपी के संस्थापक मुकेश सहनी ने कहा कि समाज अब अपने लीडर के साथ रहेगा न कि किसी लोडर के साथ। उन्होंने संजय निषाद पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अब समाज की भलाई नहीं चाहते, बल्कि भाजपा को सत्ता में लाना चाहते हैं और अपने परिवार को सेट करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि संजय निषाद आज भाजपा के साथ हैं; वे निषाद को आरक्षण दिलवा दें, मैं उनके साथ खड़ा रहूंगा, नहीं तो वे हमारे साथ आएं। समाज के अधिकार की लड़ाई हम मिलकर लड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि अब वीआईपी का कारवां बढ़ चला है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि हमारी बड़ी सेना तैयार हो रही है। भाजपा यदि निषाद को आरक्षण नहीं देती, तो आने वाले दिनों में हम उन्हें सत्ता से उखाड़ फेंकेंगे। वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा कि भाजपा संविधान को नहीं मानती। सत्ता में बने रहना ही उनका मकसद है। उन्होंने इसके लिए पश्चिम बंगाल चुनाव का उदाहरण दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि निषाद ने सबको परखा और देख लिया, अब अपने अधिकार के लिए स्वार्थियों को सबक समाज सिखाएगा।
सुहेलदेव भारती समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रेमचंद कश्यप ने वीआईपी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद कहा कि ओम प्रकाश राजभर से प्रभावित होकर पार्टी में काम किया, लेकिन पिछड़ों, दलितों की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया था, वे खरे नहीं उतरे। यही कारण है कि आज उन्होंने उस पार्टी से इस्तीफा दिया और वीआईपी की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने कहा कि वे निषाद, कश्यप आरक्षण की लड़ाई के लिए संघर्ष करेंगे। भाजपा ने आरक्षण देने का वादा किया था, लेकिन अब पलट गई। उन्होंने कहा कि भाजपा आज भगवान राम के नाम पर चल रही है, लेकिन निषाद को सम्मान नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को अब एकजुट किया जाएगा। उन्होंने मुकेश सहनी को भाई बताते हुए कहा कि अब हम अपने घर में आ गए हैं। पूर्व राज्यमंत्री अच्छे लाल निषाद ने वीआईपी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद कहा कि वीआईपी की नीति को देख कर हमने इस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।


