DESK:वाराणसी कचहरी परिसर स्थित एसीजेएम षष्ठम (ACJM VI) कोर्ट में गुरुवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक महिला ने जज के सामने ही अपने बैग से चाकू निकाल लिया। गनीमत रही कि वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अधिवक्ताओं ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत काबू में कर लिया। सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर चाकू कब्जे में ले लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चंगवार बेनीपुर की रहने वाली महिला अपने साथ हुए मारपीट के एक पुराने मामले में पैरवी के लिए अदालत पहुंची थी। करीब दो माह पहले उसके परिजनों द्वारा कथित रूप से की गई मारपीट के संबंध में वह मेडिकल रिपोर्ट प्रस्तुत करने आई थी।
कोर्ट रूम के भीतर उसकी एक महिला अधिवक्ता से मुलाकात हुई। महिला अपने मामले में तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग कर रही थी। अधिवक्ता ने कानूनी प्रक्रिया का हवाला देते हुए तुरंत कार्रवाई संभव न होने की बात कही, जिस पर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। बहस के दौरान महिला ने अचानक बैग से चाकू निकाल लिया और अधिवक्ता को धमकाने लगी। जज के समक्ष हुई इस घटना से कोर्ट कक्ष में खलबली मच गई।
पुलिस की माने तो महिला पारिवारिक विवाद को लेकर काफी तनाव में थी और बार-बार अपने साथ हुई मारपीट का जिक्र कर रही थी। प्रारंभिक पूछताछ में उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं प्रतीत हुई। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद महिला चाकू लेकर कोर्ट रूम तक कैसे पहुंची। फिलहाल आगे की कार्रवाई जारी है।





