1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 09, 2026, 8:16:05 PM
जीजा की बहन से शादी की जिद्द - फ़ोटो सोशल मीडिया
DESK: आजकल के युवाओं को ना जाने क्या हो गया है? प्यार के चक्कर में सीधे टावर पर चढ़ जा रहे हैं, कोई प्रेमिका से शादी करने की जिद्द कर रहा है तो कोई प्रेमी के साथ जिन्दगी गुजारने के लिए परिवारवालों को टावर से कूद जाने की धमकी दे रहा है। इस तरह का मामला इन दिनों बिहार के साथ-साथ यूपी में देखने को मिल रहा है।
कोई बिजली के हाईटेंशन टावर पर चढ़ जा रहा है तो कोई मोबाईल के टावर चढ़कर कूदने की धमकी दे रहा है। शोले के वीरू की तरह ऊंचे टावर पर चढ़ने का मामला आए दिन सामने आ रहा है। इस बार जीजा की बहन से शादी की जिद्द में एक युवक टावर पर चढ़ गया और शादी कराने की मांग करने लगा। यह नया मामला बिहार के पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के उरई जिले का है, जहां युवक जीजा की बहन से शादी कराने के लिए हाईटेंशन लाइन के टॉवर पर चढ़ गया।
फिर क्या था इस दौरान घंटों हाई वोल्टेड ड्रामा चलता रहा और इस ड्रामे को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग युवक को आवाज लगाने लगे कि नीचे उतर जाओ लेकिन युवक चिल्ला-चिल्लाकर कह रहा था कि कोई मेरी शादी जीजा की बहन से करवाओ, उसके बगैर हम जी नहीं पाएंगे, वरना टावर से नीचे कूद जाएंगे। उसकी बातों को सुनकर मौके पर मौजूद पुलिस भी हैरान रह गयी। परिजन और ग्रामीण युवक को मनाने में जुटे रहे लेकिन टावर पर चढ़ा युवक अपनी जिद पर अड़ा रहा।
जब पुलिस ने शादी करवाने का आश्वासन दिया तब किसी तरह युवक टावर से नीचे उतर गया। जिसके बाद पुलिस उसे लेकर कोतवाली पहुंची और फिर पूछताछ शुरू की। पुलिस ने उसे समझाया कि फिर दोबारा ऐसा काम मत करना। युवक ने बताया कि झांसी जिले के मुस्तरा थाना क्षेत्र का रहने वाला युवक उरई कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले अपने जीजा की बहन से प्यार करता है और उसी के साथ शादी करना चाहता है। लेकिन घर वाले रिश्तेदारी की बात कह शादी से इनकार कर रहे थे।
घरवाले इस शादी के खिलाफ थे, जब उन्होंने शादी कराने से मना कर दिया तब युवक गुस्से में लाल होकर घर से निकला और जीजा के गांव जाकर वहां एक ऊंचे टॉवर पर चढ़ गया और नीचे मौजूद लोगों से कहने लगा कि कोई उसकी शादी जीजा की बहन से करवाओ, वरना वह टावर से नीचे कूद जाएगा। यह सब दो घंटे तक चलता रहा। लेकिन पुलिस ने दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक को नीचे उतारा, पुलिस के द्वारा शादी कराने का आश्वासन मिलने के बाद युवक नीचे उतरा उसके बाद उसे थाने पर ले जाया गया। जहां उससे पूछताछ की गयी। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।