DESK: NCP-SP के वरिष्ठ नेता शरद पवार की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। शरद पवार बारामती में थे, जहां उनके भतीजे दिवंगत नेता अजित पवार की तेरहवीं होना था। इसी कार्यक्रम में शरद पवार और उनके परिवार के सदस्यों को शामिल होना था, लेकिन अस्वस्थता के चलते वो वहां नहीं पहुंच सके।
जानकारी के मुताबिक, शरद पवार पिछले एक-दो दिनों से बुखार, खांसी और बलगम की समस्या से जूझ रहे थे। सुबह में उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और गले में इंफेक्शन की शिकायत बढ़ने पर उन्हें पुणे के रूबी हॉल अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुबह से ही वो असहज महसूस कर रहे थे और डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उनकी हालत पर डॉक्टरों की टीम नजर बनाए हुए है।
बता दें कि बारामती तालुका के काठेवाड़ी में आज दिवंगत नेता अजित पवार की तेरहवीं का आयोजन किया गया है। अजित पवार का जनवरी के आखिरी सप्ताह में एक प्लेन क्रैश में निधन हो गया था। यह हादसा उस समय हुआ था, जब वह जिला परिषद चुनाव के प्रचार के लिए बारामती जा रहे थे।





