1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 28, 2026, 10:31:42 PM
जांच में जुटी पुलिस - फ़ोटो सोशल मीडिया
DELHI: देश की राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके हौज खास में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक घर में एयर कंडीशनर (AC) के इनडोर यूनिट में हुए ब्लास्ट के बाद आग लग गई। हादसे में पूर्व आईएएस अधिकारी धनेंद्र कुमार की मौत हो गई। आग लगने के बाद घर में फैले धुएं के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। घटना के समय घर में उनकी पत्नी, बेटा और दो कर्मचारी भी मौजूद थे।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 27 मई बुधवार रात करीब 11:18 बजे की है। जब हौज खास स्थित R-15 मकान में आग लगने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) को मिली थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की दो गाड़ियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
पुलिस के मुताबिक, हादसे के वक्त घर में रिटायर्ड आईएएस अधिकारी धनेंद्र कुमार अपने परिवार के साथ मौजूद थे। आग लगने के बाद पूरे घर में धुआं भर गया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। अधिकारियों ने बताया कि उनके शरीर पर जलने के कोई गंभीर निशान नहीं थे, लेकिन अधिक धुआं अंदर जाने के कारण वह बेहोश हो गए थे।
दमकल कर्मियों और पुलिस की मदद से उन्हें घर से बाहर निकालकर तुरंत एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, एहतियात के तौर पर उनके बेटे को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।
धनेंद्र कुमार 1967 बैच के हरियाणा कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रहे थे। वह विश्व बैंक के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह एसी के इनडोर यूनिट में हुआ ब्लास्ट माना जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर क्राइम टीम और इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर को जांच के लिए बुलाया है। शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी को लेकर जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।