RANCHI: झारखंड की राजधानी रांची में चोरी के आरोप में दो महिलाओं के साथ हुई अमानवीय व्यवहार किये जाने का मामले ने तूल पकड़ लिया है। रांची के सदर थाना क्षेत्र के कोकर इलाके में 29 मार्च को दो महिलाओं के चेहरे पर कालिख पोतकर उन्हें पूरे मोहल्ले में घुमाया गया था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
गुस्साई भीड़ ने तीन दिन बाद आज 2 अप्रैल को आरोपी के घर पर हमला कर दिया और जमकर तोड़फोड़ की। यह घटना भाभानगर इलाके की है, जहां सैकड़ों की संख्या में लोग आरोपी के घर पहुंचे और हंगामा करने लगे।
दरअसल, दो आदिवासी महिलाओं पर चोरी का आरोप लगाकर उनके साथ मारपीट की गई थी। इतना ही नहीं, उनके गले में चप्पलों की माला पहनाकर और चेहरे पर कालिख पोतकर उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। इसी घटना के विरोध में लोगों ने आरोपी के घर पर हमला किया।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने लोगों को समझाया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पंकज कुमार सिंह उर्फ पंकज और सनताना कुमारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना 29 मार्च की है, जब दोनों पीड़ित महिलाएं, जो खूंटी जिले की रहने वाली हैं और रांची में किराए के मकान में रहती हैं, उनके साथ यह दुर्व्यवहार किया गया। महिलाओं के अनुसार, पंकज कुमार नामक व्यक्ति उनके घर पहुंचा, गाली-गलौज की और जबरन उन्हें बाहर खींच लाया। इसके बाद उनके चेहरे पर कालिख पोतकर और चप्पलों की माला पहनाकर पूरे मोहल्ले में घुमाया गया। पीड़ित महिलाओं का कहना है कि उन पर चोरी का झूठा आरोप लगाकर यह अमानवीय कृत्य किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।





