1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 24, 2026, 11:41:54 AM
- फ़ोटो Google
Pakistan Quetta Blast: पाकिस्तान के क्वेटा शहर में रेलवे ट्रैक के पास हुए भीषण धमाके में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि 47 लोग घायल बताए जा रहे हैं। विस्फोट इतना जोरदार था कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई। धमाके के बाद घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक मालगाड़ी क्वेटा कैंट इलाके की ओर जा रही थी, तभी रेलवे लाइन पर जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके के असर से मालगाड़ी पटरी से उतर गई। घटना के बाद इलाके में गोलियों की आवाजें भी सुनी गईं, जिससे लोगों में और ज्यादा डर फैल गया।
बलूचिस्तान सरकार के अधिकारी बाबर यूसुफजई ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सुरक्षा बल और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गईं। फिलहाल पुलिस विस्फोट के कारणों की जांच कर रही है।
अब तक किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, बलूचिस्तान लंबे समय से हिंसा और अलगाववादी गतिविधियों का केंद्र रहा है। यहां कई संगठन पाकिस्तान सरकार के खिलाफ सक्रिय हैं और बलूचिस्तान की आजादी की मांग करते रहे हैं।