1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 15, 2026, 11:29:27 AM
नीट पेपर लीक पर बोले प्रधान - फ़ोटो Google
NEET Paper Leak: NEET पेपर लीक कांड ने पूरे देश को झकझोर दिया है, जिससे छात्रों के बीच भारी गुस्सा देखा जा रहा है। इस विवाद के बीच पहली बार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान मीडिया के सामने आए और सख्त संदेश दिया कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले ही NTA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर नई परीक्षा तारीखों की घोषणा कर दी थी। इसके अनुसार, छात्र 21 जून को दोबारा परीक्षा देंगे। एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्रों की जानकारी जल्द ही NTA द्वारा जारी की जाएगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि पेपर लीक की जानकारी मिलने के बाद 3–4 दिन का समय लिया गया और फिर परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया ताकि किसी छात्र को नुकसान न हो। उन्होंने कहा कि सरकार की लड़ाई परीक्षा माफियाओं के खिलाफ है और दोषियों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा। मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई है, जो पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में शून्य त्रुटि (Zero Error) सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। एनटीए हर साल करीब एक करोड़ छात्रों की परीक्षा आयोजित करती है और छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े, इसका भी ध्यान रखा जाएगा।
एनटीए ने यह भी निर्णय लिया है कि छात्रों को उनकी पसंद के शहर में परीक्षा देने का एक और अवसर दिया जाएगा। जांच में यह सामने आया है कि “गेस पेपर” के नाम पर असली प्रश्नपत्र के सवाल बाहर पहुंचाए गए थे।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा माफिया के कारण किसी भी ईमानदार छात्र का हक नहीं छीना जाएगा। साथ ही अगले साल से NEET UG परीक्षा को ऑनलाइन कराने की योजना भी बनाई जा रही है, ताकि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।