Hindi News / india / NEET परीक्षा रद्द होने पर कांग्रेस का मोदी सरकार पर हमला, सुप्रिया श्रीनेत...

NEET परीक्षा रद्द होने पर कांग्रेस का मोदी सरकार पर हमला, सुप्रिया श्रीनेत बोलीं- 22 लाख छात्रों का भविष्य चौपट

NEET परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दी गई। कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 22 लाख छात्रों का भविष्य दांव पर है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रोड शो में व्यस्त हैं।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 12, 2026, 3:33:00 PM

दिल्ली न्यूज

मोदी सरकार पर हमला - फ़ोटो सोशल मीडिया

DESK: 3 मई को आयोजित नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA)की परीक्षा रद्द कर दी गयी है। इस परीक्षा में 22.79 लाख स्टूडेंट शामिल हुए थे। पेपर लीक होने के आरोप लगने के चलते एनटीए ने यह फैसला लिया। वही नीट एग्जाम रद्द होने पर कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला है। सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि NEET का पेपर फिर लीक हो गया है, परीक्षा रद्द हो गई। इससे मोदी जी को कोई मतलब नहीं है, वो तो रोड शो में व्यस्त हैं। 


कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स और इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर केन्द्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा कि NEET का पेपर फिर लीक हो गया है, परीक्षा रद्द हो गई। इस बार 22 लाख छात्रों ने NEET का इम्तिहान दिया था। बच्चे दिन रात मेहनत करके पढ़े, माँ-बाप ने कोचिंग करायी, इम्तिहान देने गए - खर्चा वहन किया। नतीजा- पेपर लीक, परीक्षा रद्द, शायद फर्ज़ी डिग्री वालों से शिक्षा के संबंध में गंभीरता की आशा ही बेमानी है। धर्मेंद्र प्रधान जी को अपने पद पर बने रहने का कोई हक नहीं है।


उनके बच्चे तो मज़े से विदेश में पढ़ रहें हैं, इसीलिए देश के बच्चों का भविष्य चौपट होता देख भी इन लोगों का दिल नहीं पसीजता। एक इम्तिहान तो बिना पेपर लीक हुए करा नहीं सकते - विश्वगुरु बनने का फर्ज़ीवाड़ा करते हैं। लेकिन सवाल इस बात का है कि पेपर लीक माफिया के हौसले इतने बुलंद कैसे हैं? उनको क़ानून और सरकार का डर क्यों नहीं? क्योंकि यही BJP वाले उनका संरक्षण करते हैं। बच्चों का भविष्य दांव पर है तो रहे - इससे मोदी जी को कोई मतलब नहीं है - वह रोड शो में व्यस्त हैं।


बता दें कि इस मामले की जांच CBI से कराए जाने का आदेश दिया गया है। NTA ने कहा है कि परीक्षा की नई तारीख जल्‍द जारी की जाएंगी। दोबारा ली जाने वाली परीक्षा में शामिल होने के लिए फिर से रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा और ना ही परीक्षा केंद्र में ही कोई बदलाव किया जाएगा। लेकिन दोबारा एग्जाम के लिए नये एडमिट कार्ड जारी किये जाएंगे।