1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 27, 2026, 10:40:09 PM
इलाके में सनसनी - फ़ोटो सोशल मीडिया
MUMBAI: मुंबई में एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध फूड पॉयजनिंग से मौत हो गई। यह मामला जेजे रोड इलाके का बताया जा रहा है।
मृतकों की पहचान अब्दुल्लाह (40 वर्ष), उनकी पत्नी नसरीन (35 वर्ष), बेटी जैनब (13 वर्ष) और आयेशा (16 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल को उनके घर मेहमान आए थे, जिसके लिए बाहर से चिकन पुलाव मंगाया गया था। सभी ने मिलकर खाना खाया।
मेहमानों के जाने के बाद परिवार ने तरबूज काटकर खाया। इसके कुछ ही समय बाद परिवार के सभी सदस्यों को चक्कर आने लगे और उल्टियां शुरू हो गईं। हालत बिगड़ने पर उन्हें पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए जेजे अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इलाज के दौरान एक-एक कर परिवार के सभी चारों सदस्यों की मौत हो गई। आसपास के लोगों का कहना है कि पुलाव खाने वाले अन्य लोगों को कोई दिक्कत नहीं हुई, जिससे आशंका जताई जा रही है कि तरबूज की वजह से फूड पॉयजनिंग हुई होगी। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है और मौत के सही कारण का पता लगाने के लिए हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि रात करीब 10:30 बजे खाना खाने के बाद मेहमान चले गए थे और देर रात करीब 1 बजे परिवार ने तरबूज खाया था। इसके बाद तड़के करीब 4 बजे सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। फिलहाल डॉक्टरों की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। गौरतलब है कि गर्मी के मौसम में फूड पॉयजनिंग के मामले बढ़ जाते हैं, ऐसे में खाने-पीने की चीजों को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है।