KVS Admission 2026: केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 1 और बालवाटिका (प्री-प्राइमरी) में प्रवेश प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू कर दी है। यह हर साल पेरेंट्स के लिए बड़ी राहत की खबर होती है, क्योंकि केंद्रीय विद्यालय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समग्र विकास का अवसर प्रदान करता है।
केवीएस ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया 20 मार्च 2026 से शुरू हो गई है और अंतिम तारीख 2 अप्रैल 2026 है। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। इस चरण में प्रवेश प्रक्रिया केवल बालवाटिका और कक्षा 1 के लिए शुरू की गई है। कक्षा 2 और उससे ऊपर (कक्षा 11 को छोड़कर) में दाखिले के लिए अलग से ऑफलाइन प्रक्रिया होगी, जो संबंधित विद्यालय में खाली सीटों के अनुसार आयोजित की जाएगी।
बालवाटिका और कक्षा 1 में प्रवेश के लिए बच्चों की आयु सीमा निर्धारित है:
बालवाटिका 1: 3-4 साल
बालवाटिका 2: 4-5 साल
बालवाटिका 3: 5-6 साल
कक्षा 1: 6-8 साल
एडमिशन प्रक्रिया 20 मार्च से 2 अप्रैल 2026 तक चलेगी। पहली प्रोविजनल लिस्ट बालवाटिका के लिए 8 अप्रैल और कक्षा 1 के लिए 9 अप्रैल 2026 को जारी की जाएगी। अगर कुछ सीटें बची रहती हैं तो दूसरी लिस्ट 16 अप्रैल और तीसरी लिस्ट 21 अप्रैल 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
आवेदन प्रक्रिया बहुत सरल है। पेरेंट्स को सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट kvsangathan.nic.in पर जाना होगा। होम पेज पर कक्षा 1 और बालवाटिका के लिए आवेदन लिंक मिलेगा। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर बच्चे और माता-पिता की सभी जानकारी सही-सही भरें। आवेदन पत्र सबमिट करने के बाद इसे डाउनलोड करें और भविष्य में जरूरत पड़ने पर प्रिंट आउट सुरक्षित रखें।




