DESK: अब आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट कराने के लिए आधार सेंटर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। UIDAI (भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण) ने आधार मोबाइल ऐप का नया और फुल वर्जन लॉन्च कर दिया है, जिसमें कई नई सुविधाएं जोड़ी गई हैं। इस अपडेट के बाद यूजर्स घर बैठे आधार से लिंक मोबाइल नंबर अपडेट कर सकते हैं। इस सुविधा के लिए 75 रुपये की फीस देनी होगी और अपडेट होने में 10 से 15 दिन का समय लग सकता है।
हाल ही में UIDAI ने आधार मोबाइल ऐप का नया वर्जन पेश किया है। नए अपडेट के बाद ऐप का लुक और इंटरफेस पहले से ज्यादा बेहतर हो गया है। हालांकि, कुछ फीचर्स अब ऐप में दूसरी जगह शिफ्ट कर दिए गए हैं, जिससे कई यूजर्स को यह सवाल है कि मोबाइल नंबर अपडेट करने का तरीका बदल गया है या नहीं।
UIDAI की ओर से साफ किया गया है कि प्रोसेस पहले जैसी ही है, लेकिन अब मोबाइल नंबर अपडेट करने का ऑप्शन ऐप के Services सेक्शन में उपलब्ध है। नए वर्जन की मदद से यूजर्स आसानी से अपने आधार से लिंक मोबाइल नंबर बदलने की रिक्वेस्ट भेज सकते हैं, जिससे आधार सेंटर जाने की जरूरत लगभग खत्म हो गई है।
आधार में मोबाइल नंबर कैसे अपडेट करें?
- सबसे पहले Aadhaar App ओपन करें
- नीचे दिए गए Services टैब पर जाएं
- यहां Mobile Number Update ऑप्शन पर क्लिक करें
- Continue to Update Mobile Number पर टैप करें
- नया मोबाइल नंबर दर्ज करें
- नए नंबर पर आए OTP को डालकर वेरिफिकेशन करें
- दिए गए ऑथेंटिकेशन स्टेप्स को पूरा करें
- प्रोसेस पूरा होने के बाद आपकी रिक्वेस्ट UIDAI को भेज दी जाएगी।






