Hindi News / india / हवा में फंसी केबल कार, 300 पर्यटकों की अटकीं सांसें; सेना ने चलाया...

हवा में फंसी केबल कार, 300 पर्यटकों की अटकीं सांसें; सेना ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

Gulmarg Gondola: जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में गोंडोला केबल कार सेवा में तकनीकी खराबी आने से करीब 300 पर्यटक हवा में फंस गए। सेना, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर पर्यटकों को सुरक्षित निकालने का अभियान शुरू किया।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 25, 2026, 6:48:38 PM

Gulmarg Gondola

- फ़ोटो Google

Gulmarg Gondola: जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब गोंडोला केबल कार सेवा में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। खराबी के कारण गोंडोला सेवा बीच रास्ते में रुक गई और करीब 300 पर्यटक हवा में ही केबल कार के डिब्बों में फंस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पर्यटकों में दहशत फैल गई।


अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी समस्या सामने आते ही एहतियात के तौर पर गोंडोला सेवा को तत्काल रोक दिया गया। सूचना मिलते ही सेना की 9 राज राइफल्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस और नागरिक प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।


बचाव अभियान की निगरानी के लिए तंगमर्ग के सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) और तहसीलदार भी घटनास्थल पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य के दौरान पर्यटकों को सुरक्षित नीचे उतारने की प्रक्रिया लगातार जारी रही।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोंडोला के अचानक रुक जाने से महिलाओं और बच्चों समेत कई पर्यटक घबरा गए थे। हालांकि प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए कहा कि सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए जरूरी कदम उठाए गए हैं।


इस बीच तकनीकी टीमों को भी मौके पर तैनात किया गया है, जो खराबी के कारणों की जांच कर रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा मानकों की पूरी जांच के बाद ही गोंडोला सेवा को दोबारा शुरू किया जाएगा। गौरतलब है कि गुलमर्ग गोंडोला एशिया की सबसे ऊंची और दुनिया की प्रमुख केबल कार सेवाओं में से एक है, जहां हर साल बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक घूमने पहुंचते हैं।