Hindi News / bihar / patna-news / पटना में ऑटो गैंग का बड़ा खुलासा! ड्राइवर और सवारी बनकर करते थे...

पटना में ऑटो गैंग का बड़ा खुलासा! ड्राइवर और सवारी बनकर करते थे कांड, लाखों कैश समेत 4 गिरफ्तार

PATNA: राजधानी पटना में ऑटो के जरिए लूट और ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में वारदातों को अंजाम देने वाले इस गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से नकदी, नकली गहने...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 25, 2026, 6:39:44 PM

पटना में ऑटो गैंग का बड़ा खुलासा! ड्राइवर और सवारी बनकर करते थे कांड, लाखों कैश समेत 4 गिरफ्तार

- फ़ोटो

PATNA: राजधानी पटना में ऑटो के जरिए लोगों को निशाना बनाकर लूट और ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। अगमकुआं, चित्रगुप्तनगर, बेउर समेत कई थाना क्षेत्रों में लगातार हो रही घटनाओं के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार सभी आरोपी वैशाली जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इनके पास से लाखों रुपये नकद, नकली गहने, वाहन और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।


जानकारी के मुताबिक यह गिरोह बेहद चालाक तरीके से वारदात को अंजाम देता था। गिरोह का एक सदस्य ऑटो चालक बनकर सड़कों पर घूमता था, जबकि बाकी सदस्य सवारी बनकर उसी ऑटो में बैठे रहते थे। जैसे ही कोई अकेला यात्री ऑटो में बैठता, बदमाश उसे अपने जाल में फंसा लेते थे। रास्ते में सुनसान जगह देखकर उससे लूटपाट की जाती थी।


इतना ही नहीं, कई मामलों में यह गिरोह नकली सोने के गहने दिखाकर भी लोगों को ठगता था। आरोपी खुद को मजबूर बताकर लोगों को सस्ते दाम में सोना बेचने का झांसा देते थे। जब लोग उनके झांसे में आ जाते, तब उनसे पैसे लेकर नकली गहने थमा दिए जाते थे। पुलिस को काफी दिनों से इस तरह की शिकायतें मिल रही थीं।


लगातार बढ़ रही घटनाओं को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी जांच, CCTV फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद छापेमारी कर चारों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया।


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने जैसे दिखने वाले दो चैन, एक जोड़ी झुमका, चार पीस बाला, चांदी जैसे दिखने वाले आठ पीस बाला, पांच जोड़ी पायल और 6 लाख 56 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किया गया एक CNG टेम्पू, एक बाइक और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह काफी समय से राजधानी के अलग-अलग इलाकों में सक्रिय था। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने अब तक कितनी घटनाओं को अंजाम दिया है और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।