Ghaziabad suicide case: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित थाना टीला मोड़ क्षेत्र की भारत सिटी सोसायटी में देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। भारत सिटी के बी-1 टावर की नौवीं मंजिल से तीन सगी बहनों—16 वर्षीय निशिका, 14 वर्षीय प्राची और 12 वर्षीय पाखी—ने कूदकर अपनी जान दे दी। घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, फ्लैट नंबर 907 में रहने वाली तीनों बहनें ऑनलाइन गेमिंग की आदी थीं। परिवार द्वारा मना करने पर उन्होंने यह घातक कदम उठाया। परिजनों ने बताया कि वे पिछले दो साल से स्कूल नहीं जा रही थीं और ज्यादातर समय मोबाइल गेम खेलने में बिताती थीं।
जांच में सामने आया कि रात करीब 2 बजे तीनों बहनों ने कमरे को अंदर से बंद किया, स्टूल लगाया और बालकनी से छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें लोनी के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मौके से पुलिस को एक पॉकेट डायरी मिली, जिसमें आठ पन्नों का सुसाइड नोट लिखा हुआ था। इसमें उन्होंने अपने गेम और मोबाइल गतिविधियों का उल्लेख किया है। नोट में लिखा था कि उन्हें गेम से बहुत प्यार है और वे इसे छोड़ नहीं सकतीं। अंत में लिखा था—“पापा, आई एम सॉरी।”
पिता ने बताया कि बेटियों ने उनसे कहा था—“पापा, हम कोरियन नहीं छोड़ सकते। कोरियन हमारी ज़िंदगी है, हमारे लिए सब कुछ है। आप हमें इससे अलग नहीं कर सकते। हम अपनी जान दे देंगे।” उन्होंने सभी माता-पिता से अपील की कि बच्चों को गेम्स से गहरे जुड़ने से रोकें।
SSP शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि रात करीब 2:15 बजे सूचना मिली थी कि भारत सिटी टावर बी-1 की नौवीं मंजिल से तीन बच्चियां कूद गई हैं। मौके पर पहुंचने पर उनकी मौत हो चुकी थी। उन्हें अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।





