1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 02, 2026, 10:34:54 PM
परिजनों में मचा कोहराम - फ़ोटो सोशल मीडिया
JHARKHAND: झारखंड के धनबाद जिले से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है। जहां बीसीसीएल में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। BCCL की मुनीडीह कोल वाशरी के पास कोयले की स्लरी में दबकर चार मजदूरों की मौत हो गई। इस घटना से मृतक के परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि यह हादसा शाम करीब पांच बजे उस समय हुआ, जब मजदूर कोयले के गारे (स्लरी) को ट्रकों में लाद रहे थे। इसी दौरान स्लरी का ऊंचा टीला अचानक ढह गया और कई मजदूर उसकी चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचा और तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया। मलबा हटाकर चारों मजदूरों के शव बाहर निकाले गए। मृतकों की पहचान दिनेश बाउरी, मानिक बाउरी, हेमलाल गोप उर्फ मायरा और दीपक बाउरी के रूप में हुई है।
आशंका जताई जा रही है कि मलबे में कुछ और मजदूर भी दबे हो सकते हैं। हादसे के समय वहां करीब दर्जन भर मजदूर लोडिंग के काम में लगे हुए थे। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। बीसीसीएल पश्चिमी झरिया क्षेत्र के पेलोडर की मदद से मलबा हटाया गया और शाम 6:38 बजे तक सभी चार शव निकाल लिए गए। हादसे के बाद ट्रांसपोर्टिंग से जुड़े ठेकेदार मौके से फरार हो गए।
इस घटना के बाद मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने एरिया जीएम कार्यालय के सामने शव रखकर प्रदर्शन करने की योजना बनाई और मुआवजा व नियोजन की मांग उठाई। यह हादसा लोडिंग मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है, क्योंकि ये मजदूर असंगठित क्षेत्र में दिहाड़ी पर काम करते हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
