DESK: एक तरफ गैस की किल्लत से लोग परेशान हैं तो वही दूसरी तरफ इसकी जमाखोरी और कालाबाजारी ने स्थिति को और भयावह बना दिया है। ताजा मामला देश की राजधानी दिल्ली से निकलकर सामने आ रही है, जहां के संगम विहार इलाके में क्राइम ब्रांच ने एक बड़े अवैध एलपीजी रैकेट का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 183 इंडेन गैस सिलेंडर बरामद किया है, साथ ही साथ इस मामले में चार आरोपियों को भी हिरासत में लिया है।
क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को इलाके में गैस सिलेंडरों की जमाखोरी और अवैध रिफिलिंग की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम ने संगम विहार में स्थित तीन अलग-अलग गोदामों पर एक साथ छापेमारी की। छापे के दौरान शेर सिंह, सूरज परिहार, रघु राज सिंह और जितेंद्र शर्मा को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, बरामद 183 सिलेंडरों में 154 भरे हुए और 29 खाली सिलेंडर शामिल हैं। इसके अलावा मौके से लोहे के पाइप, तराजू और अन्य रिफिलिंग उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी अधिकृत एलपीजी डिलीवरी एजेंट थे, लेकिन वे ग्राहकों तक सिलेंडर पहुंचाने के बजाय उन्हें अपने किराए के गोदामों में जमा कर लेते थे। इसके बाद भरे हुए सिलेंडरों से 1-2 किलो गैस निकालकर खाली सिलेंडरों में ट्रांसफर करते थे और उन्हें बाजार में अधिक कीमत पर बेचकर अवैध मुनाफा कमाते थे।
इस मामले में पुलिस ने धारा 3/7 और बीएनएस की धारा 125/3(5) के तहत केस दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि एलपीजी की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जमाखोरी पर सख्त नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।





