Hindi News / india / ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक का दावा- पर्सनल इंस्टाग्राम अकाउंट हुआ हैक, अभिजीत...

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक का दावा- पर्सनल इंस्टाग्राम अकाउंट हुआ हैक, अभिजीत दीपके को इस बात का सता रहा डर

Cockroach Janta Party: ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट हैक होने का दावा किया है। वहीं पार्टी का X हैंडल भारत में ब्लॉक होने और सोशल मीडिया पर तेजी से बढ़ती लोकप्रियता को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 23, 2026, 12:16:47 PM

Cockroach Janta Party

- फ़ोटो Google

Cockroach Janta Party: ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि उनका पर्सनल इंस्टाग्राम अकाउंट हैक हो गया है। उन्होंने कहा कि तमाम कोशिशों के बावजूद वह अपने अकाउंट को एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं। 


दीपके ने यह भी बताया कि उनकी पार्टी का बैकअप इंस्टाग्राम अकाउंट भी कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया था, हालांकि बाद में उसे फिर से बहाल कर दिया गया। उन्होंने अपने निजी X अकाउंट के जरिए यह जानकारी साझा करते हुए खुद पर शिकंजा कसे जाने की आशंका भी जताई।


महाराष्ट्र के रहने वाले अभिजीत दीपके फिलहाल बोस्टन में रह रहे हैं। हाल ही में सीजेआई सूर्यकांत की युवाओं को लेकर की गई ‘कॉकरोच’ टिप्पणी के बाद ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आई है।


इस बीच, CJP का आधिकारिक X (पूर्व ट्विटर) हैंडल भारत में ब्लॉक कर दिया गया है, हालांकि अन्य देशों में यह अब भी देखा जा सकता है। दूसरी ओर इंस्टाग्राम पर पार्टी की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। महज 80 पोस्ट के बावजूद पार्टी के फॉलोअर्स की संख्या 2.18 करोड़ के पार पहुंच गई है, जिससे उसने सोशल मीडिया पर बीजेपी और कांग्रेस जैसी बड़ी पार्टियों को भी पीछे छोड़ दिया है।


‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को कई विपक्षी दलों और छात्र संगठनों का समर्थन भी मिल रहा है। केरल में कांग्रेस, आईयूएमएल और माकपा के युवा नेताओं ने खुलकर CJP के समर्थन में बयान दिए हैं। नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायक अबिन वर्की, आईयूएमएल के पी. के. नवास और टी. पी. अशरफअली, तथा माकपा नेता वी. के. सनोज ने शुक्रवार को पार्टी के पक्ष में अपनी राय रखी।


स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के प्रदेश अध्यक्ष एम. शिवप्रसाद ने भी इस व्यंग्यात्मक अभियान का समर्थन किया है। युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अबिन वर्की ने एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा कि केंद्र सरकार के खिलाफ वैध सवाल उठाने वाले किसी भी आंदोलन का समर्थन करना गलत नहीं है। उन्होंने कहा कि CJP द्वारा उठाए गए मुद्दे महत्वपूर्ण और प्रासंगिक हैं।


वर्की ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को भी जायज बताया। वहीं, भारत में CJP के X हैंडल को ब्लॉक किए जाने पर विपक्षी नेताओं ने केंद्र सरकार पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता दबाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि सरकार युवाओं के बीच CJP के बढ़ते प्रभाव से असहज है और इसी वजह से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कार्रवाई की जा रही है।


आईयूएमएल विधायक पी. के. नवास ने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ बेरोजगार और गरीब युवाओं की आवाज बनकर उभरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं द्वारा राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक मुद्दों पर खुलकर बोलने से परेशान है और सांप्रदायिक राजनीति के जरिए ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।