Hindi News / india / शादी से पहले मच गया बवाल: दुल्हन ने दूल्हे की जगह प्रेमी...

शादी से पहले मच गया बवाल: दुल्हन ने दूल्हे की जगह प्रेमी को पहनाई वरमाला, देखते रह गया दूल्हा

एमपी के छिंदवाड़ा में शादी समारोह के दौरान दुल्हन ने दूल्हे की जगह प्रेमी को वरमाला पहनाई, जिससे दोनों पक्षों में जमकर हंगामा हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 01, 2026, 10:45:06 PM

मध्यप्रदेश न्यूज

परिवार के दबाव में तय हुई थी शादी - फ़ोटो सोशल मीडिया

MP:मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी समारोह के दौरान दुल्हन ने अचानक स्टेज से भागकर अपने प्रेमी के गले में वरमाला डाल दी। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गयी और शादी समारोह में मौजूद लोग हैरान रह गए।


मिली जानकारी के अनुसार, उमरेठ क्षेत्र में 27-28 अप्रैल की रात परासिया से आई बारात का भव्य स्वागत किया गया। दूल्हा स्टेज पर पहुंच चुका था और वरमाला की रस्म शुरू होने वाली थी। इसी दौरान दुल्हन स्टेज पर आई, लेकिन कुछ ही क्षण बाद वह अचानक स्टेज से उतरकर पंडाल में मौजूद अपने प्रेमी के पास पहुंच गई और उसे वरमाला पहना दी।


इस अप्रत्याशित घटना से दोनों पक्षों में हंगामा मच गया। दुल्हन के परिजनों ने प्रेमी को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी और उसे वहां से भगा दिया। इसके बाद बारातियों और घरातियों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।


बताया जा रहा है कि दुल्हन का प्रेम संबंध पिछले दो साल से चल रहा था और परिवार को इसकी जानकारी भी थी। बावजूद इसके, पारिवारिक दबाव में उसकी शादी तय कर दी गई थी। शादी के दिन प्रेमी को देखकर दुल्हन ने अपना फैसला बदल दिया।


घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। वर पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए सामाजिक प्रतिष्ठा और आर्थिक नुकसान की बात कही है। वहीं, वधु पक्ष ने गहने, अंगूठी और मोबाइल वापस कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।