Middle East Crisis: मिडिल ईस्ट में जारी तनावपूर्ण हालात का असर अब शिक्षा व्यवस्था पर भी पड़ने लगा है। क्षेत्र के कई देशों में स्कूल–कॉलेज बंद कर दिए गए हैं, जिससे भारतीय छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इन देशों में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से संबद्ध स्कूल भी संचालित होते हैं।
विदेश मंत्रालय के वर्ष 2023 के आंकड़ों के अनुसार, मिडिल ईस्ट के देशों में कुल 217 स्कूल CBSE से जुड़े हुए हैं। इनमें संयुक्त अरब अमीरात में सबसे अधिक 106 स्कूल हैं। इसके अलावा सऊदी अरब में 37, कुवैत में 26, ओमान में 21, कतर में 19 और बहरीन में 8 स्कूल संचालित हो रहे हैं।
इन स्कूलों में भारतीय पाठ्यक्रम के तहत एनसीईआरटी की किताबों से पढ़ाई कराई जाती है और परीक्षाएं भी CBSE के दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजित की जाती हैं। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए CBSE ने 2 मार्च 2026 को प्रस्तावित कुछ परीक्षाओं को स्थगित करने का निर्णय लिया है।
यह फैसला बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में लागू होगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षाएं रद्द नहीं की गई हैं, बल्कि हालात सामान्य होने तक टाली गई हैं। शिक्षा से जुड़े इस निर्णय को एहतियाती कदम बताया गया है, ताकि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। हालात सामान्य होने के बाद नई परीक्षा तिथियों की घोषणा की जाएगी।




