1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 23, 2026, 10:46:47 AM
- फ़ोटो
देशभर में रिश्तों को लेकर सामने आ रही घटनाओं के बीच बेंगलुरु से एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने हर किसी को सन्न कर दिया है। यहां प्रेम, शक और गुस्से के खतरनाक मिश्रण ने एक युवक की जान ले ली। 29 वर्षीय किरण की हत्या के मामले में पुलिस जांच के बाद जो खुलासा हुआ, वह बेहद चौंकाने वाला है।
इस सनसनीखेज मामले में आरोपी उसकी ही प्रेमिका प्रेमा निकली, जिसने अपने कबूलनामे में पूरी साजिश का पर्दाफाश किया। पुलिस के अनुसार, प्रेमा ने अपने बॉयफ्रेंड किरण को बेहद दर्दनाक तरीके से मौत के घाट उतारा। वजह बनी किरण की अपनी एक्स गर्लफ्रेंड से बढ़ती नजदीकियां और शादी से पीछे हटना।
जानकारी के मुताबिक, किरण और प्रेमा राजाजीनगर स्थित एक मोबाइल सर्विस स्टोर में साथ काम करते थे। वहीं से दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और रिश्ता शुरू हुआ। प्रेमा इस रिश्ते को शादी तक ले जाना चाहती थी, लेकिन धीरे-धीरे किरण ने दूरी बनानी शुरू कर दी। मामला तब और उलझ गया जब किरण ने अपनी पुरानी प्रेमिका से दोबारा संपर्क करना शुरू कर दिया।
बताया जाता है कि एक दिन प्रेमा को किरण के फोन में उसकी एक्स गर्लफ्रेंड के साथ जन्मदिन मनाने की तस्वीरें मिलीं। यह देखकर वह अंदर से टूट गई और गुस्से में भर गई। पुलिस के अनुसार, इसी के बाद उसने हत्या की साजिश रचनी शुरू कर दी।
प्रेमा ने पहले से ही पेट्रोल, केरोसिन और रस्सी का इंतजाम कर लिया। फिर उसने किरण को बहाने से अंजनानगर स्थित अपने घर बुलाया। वहां उसने ‘रोल प्ले’ के नाम पर किरण को भरोसे में लिया और उसे रस्सी से बांध दिया। इसके बाद उसने उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी।
घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। किरण की चीखें सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की। भवन मालिक चेतन कुमार और अन्य लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं, किरण के पिता नरसिम्हाया ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उन्हें एक फोन कॉल के जरिए बेटे की हत्या की सूचना मिली, जिसके बाद वे तुरंत बेंगलुरु पहुंचे।
पूछताछ के दौरान प्रेमा ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि रिश्ते में लगातार हो रहे झगड़े, किरण की बेरुखी और एक्स गर्लफ्रेंड से बढ़ती नजदीकियों ने उसे अंदर से तोड़ दिया था। इसी मानसिक स्थिति में उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।