DELHI: दिल्ली एयरपोर्ट पर बुधवार की रात एअर इंडिया की सिंगापुर जाने वाली फ्लाइट (AI2380) में तकनीकी खराबी आ गई। फ्लाइट का एयर कंडीशनिंग सिस्टम और बिजली सप्लाई ठीक से काम नहीं कर रही थी। इसके बावजूद यात्रियों को विमान में बैठाए रखा गया।
करीब दो घंटे तक 200 से ज्यादा पैसेंजर्स गर्मी से परेशान होते रहे। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में यात्री अखबार और मैगजीन से हवा करते नजर आए। आखिरकार क्रू मेंबर्स ने बिना वजह बताए यात्रियों को फ्लाइट से उतरने के लिए कह दिया।
इसके बाद सभी यात्रियों को बस के जरिए वापस टर्मिनल बिल्डिंग ले जाया गया। यह फ्लाइट बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर से रात 11 बजे उड़ान भरने वाली थी, लेकिन एयरक्राफ्ट बदलने के कारण लगभग छह घंटे की देरी हुई। आखिरकार गुरुवार सुबह 5:36 बजे नया विमान सिंगापुर के लिए रवाना हुआ।
एअर इंडिया ने बयान जारी कर यात्रियों से माफी मांगी और कहा कि फ्लाइट की देरी की जानकारी यात्रियों को लगातार दी जा रही थी। एयरपोर्ट पर खाने-पीने सहित सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
गौरतलब है कि 12 जून 2025 को अहमदाबाद में ड्रीमलाइनर क्रैश के बाद से एअर इंडिया की फ्लाइट्स में खराबी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इस हादसे में 270 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद से टाटा ग्रुप के स्वामित्व वाली एयरलाइन कड़ी जांच के दायरे में है। वहीं, DGCA के ऑडिट में भी एअर इंडिया के संचालन में 100 से ज्यादा गड़बड़ियां सामने आ चुकी हैं, जिनमें पायलट-क्रू ट्रेनिंग, सुरक्षा मानक और ऑपरेशनल नियमों का पालन न करना शामिल है।




