PATNA: बिहार में हो रहे विधानसभा चुनाव में पहले चरण के नामांकन के लिए अब सिर्फ दो दिन बचे हैं. लेकिन महागठबंधन के भीतर टकराव अब भी कायम है. कांग्रेस ने 60 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम तय कर लिये हैं. पार्टी इसके अलावा 7 औऱ सीटों पर उम्मीदवारों के नाम पर विचार कर रही है. कांग्रेस ने मुकेश सहनी को भी सीधा जवाब दिया है-अगर सीटों पर बात करना है तो तेजस्वी यादव से बात करें. कांग्रेस इसमें हस्तक्षेप नहीं करेगी.
कांग्रेस ने कर ली तैयारी
दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए विधान परिषद में कांग्रेस दल के नेता मदन मोहन झा ने कहा कि पार्टी ने 60 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय कर लिये हैं. अब उन पर आलाकमान की मुहर लगनी बाकी है. पार्टी ने 5-7 अन्य सीटों पर भी चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की है. उस पर आलाकमान को फैसला लेना है.
2-3 सीटों का हो सकता है हेर-फेर
मदन मोहन झा ने कहा कि कांग्रेस ने 60 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर ली है. आऱजेडी से बातचीत में इसमें दो-तीन सीटों का इधर-उधर हो सकता है. इससे ज्यादा कुछ औऱ नहीं होगा. मदन मोहन झा ने साफ कर दिया कि कांग्रेस 58 सीटों से कम पर चुनाव लड़ने को तैयार नहीं है.
मुकेश सहनी का तेजस्वी जानें
मदन मोहन झा ने कहा कि मुकेश सहनी की पार्टी कितने सीटों पर चुनाव लड़ेगी ये तेजस्वी यादव जानें. मुकेश सहनी को तेजस्वी यादव से बात करना चाहिये. कांग्रेस का इसमें कोई रोल नहीं है. तेजस्वी यादव बिहार में महागठबंधन के प्रमुख हैं और वे ही सारी पार्टियों से सीटों की संख्या पर बात कर रहे हैं. इसलिए मुकेश सहनी भी सीटों के लिए तेजस्वी से ही बात करेंगे.
मदन मोहन झा ने उन खबरों को गलत बताया जिनमें ये कहा जा रहा है कि मुकेश सहनी के लिए सारी सीटें कांग्रेस छोड़ रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी सीटों पर बात कर रही है. मदन मोहन झा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही महागठबंधन में सीट शेयरिंग फाइनल हो जायेगा.





