Hindi News / politics / ‘अगर कोई हम पर रिवॉल्वर तानता है तो उसे कैसे छोड़ा जा सकता...

‘अगर कोई हम पर रिवॉल्वर तानता है तो उसे कैसे छोड़ा जा सकता है’, भरत तिवारी एनकाउंटर पर फिर बोले जीतन राम मांझी

Jitan Ram Manjhi: भोजपुर के भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने एक बार फिर पुलिस कार्रवाई का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा में की गई पुलिस कार्रवाई को गलत नहीं ठहराया जा सकता।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 30, 2026, 3:00:20 PM

Jitan Ram Manjhi

- फ़ोटो Google

Jitan Ram Manjhi: बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर में हुए बहुचर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर अपने बयानों से लगातार सुर्खियां बटोर रहे केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने एक बार फिर पुलिस कार्रवाई का समर्थन किया है और कहा है कि आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई गलत नहीं है।


दरअसल, पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान जीतन राम मांझी ने कहा कि पुलिस ने जो कार्रवाई की है, वह गलत नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर कोई हम पर रिवॉल्वर तानता है तो उसे कैसे छोड़ा जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी घटनाओं में कई पुलिसकर्मी भी शहीद हो चुके हैं, इसलिए पुलिस की कार्रवाई को गलत नहीं ठहराया जा सकता।


केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि अगर पुलिस पर हमला होता है तो उसे गंभीर माना जाता है, लेकिन यदि पुलिस आत्मरक्षा में कार्रवाई करती है तो उस पर सवाल उठाना उचित नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार सरकार ने इस मामले की जांच के लिए न्यायिक आयोग गठित कर दिया है, इसलिए अब इस पर अधिक विवाद का कोई औचित्य नहीं है।


जीतन राम मांझी ने यह भी कहा कि इस मामले में दुनिया भर के लोग अपनी राय दे रहे हैं, लेकिन उनके अनुसार पुलिस ने किसी तरह की बर्बरता नहीं की है। उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि इस विषय पर अनावश्यक सवाल न उठाए जाएं।


गौरतलब है कि 17 जून को भोजपुर में भरत तिवारी के एनकाउंटर के बाद भी जीतन राम मांझी ने इसी तरह पुलिस कार्रवाई का समर्थन किया था। उस समय उन्होंने कहा था कि यदि किसी व्यक्ति के पास हथियार है और वह पुलिस को धमकाता है, तो कार्रवाई स्वाभाविक है।