Bihar Election Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों की मतगणना पटना जिले की 14 विधानसभा सीटों पर सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है। शुरुआती रुझान सुबह 9 बजे तक आने की संभावना है, जबकि हार-जीत का अंतिम परिणाम दोपहर बाद तक आने की उम्मीद है। पटना जिले की इन 14 सीटों में मोकामा, पटना साहिब, कुम्हरार, बांकीपुर, दीघा, फतुहा, बख्तियारपुर, मनेर, दानापुर, फुलवारी-शरीफ, बिहटा, पालीगंज, मसौढ़ी और पटना ग्रामीण शामिल हैं। मतगणना केंद्रों पर सुबह से ही हलचल तेज है और सभी राउंड की गिनती के लिए सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
शुरुआती रुझानों के अनुसार, दानापुर से आरजेडी के रीतलाल यादव इस समय 27156 (+ 16439) ) वोटों के साथ आगे चल रहे हैं। पटना जिले में एनडीए और महागठबंधन के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। मोकामा सीट पर बाहुबली नेता अनंत सिंह और सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी के बीच कांटे की टक्कर है। वहीं, बख्तियारपुर, फुलवारी-शरीफ और दीघा सीटों पर भी पुराने और नए उम्मीदवारों के बीच मुकाबला बहुत रोचक बन गया है।
रुझानों के अनुसार, तेज प्रताप यादव लगभग 5,000 वोटों से पीछे चल रहे हैं। तारापुर सीट से सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा फिलहाल आगे हैं। पटना साहिब और कुम्हरार सीटों पर भी एनडीए के उम्मीदवार शुरुआती रुझानों में बढ़त बनाए हुए हैं। मनेर और फतुहा सीटों पर महागठबंधन के उम्मीदवार अपने वोट बैंक को मजबूत करते हुए आगे दिख रहे हैं।
मतगणना केंद्रों पर प्रत्येक विधानसभा के लिए अलग-अलग टेबलें लगाई गई हैं, जहां उम्मीदवारों के गणना अभिकर्ता, मतगणना सुपरवाइजर और सहायक मौजूद हैं। पोस्टल बैलेट की गिनती सुबह 8 बजे शुरू हुई, जबकि ईवीएम की काउंटिंग 8.30 बजे से शुरू हुई। सुरक्षा के मद्देनजर मोबाइल फोन, कैमरा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की अनुमति नहीं है, और सभी गिनती हॉल में CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है।
पटना जिले की 14 सीटों के रुझानों से यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि राज्य की राजधानी में किस गठबंधन का प्रभुत्व रहेगा। दोपहर तक सभी राउंड की गिनती पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पटना में किसकी सरकार का दबदबा होगा और किस गठबंधन को सफलता हासिल होगी।





