Vigilance Raid in Bihar: बिहार में भ्रष्ट सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ निगरानी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। हर दिन घूसखोर सरकारी कर्मचारी पकड़े जा रहे हैं बावजूद इसके भ्रष्टाचार में लिप्त कर्मी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला समस्तीपुर से सामने आया है, जहां निगरानी की टीम ने एक भ्रष्ट प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
दरअसल, घटहो थाना क्षेत्र के मनियारपुर गांव निवासी राम एकबाल सिंह ने विद्यापति नगर एवं उजियारपुर प्रखंड के आपूर्ति पदाधिकारी राजेश कुमार भगत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राजेश कुमार भगत द्वारा जन वितरण प्रणाली अंतर्गत अतिरिक्त खाद्य आवंटन बढ़ाने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।
ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम द्रष्टया आरोप सही पाये जाने के बाद केस दर्ज कर अनुसंधानकर्ता अखिलेश कुमार, पुलिस उपाधीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया।
धावादल द्वारा कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राजेश कुमार भगत को 10,000/- (दस हजार) रूपये रिश्वत लेते हुए थाना दलसिंह सराय, जिला- समस्तीपुर स्थित काली चौक के निकट इनके किराये के आवास से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में उपस्थापित किया जायेगा।




