1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 23, 2026, 8:44:13 PM
जांच में जुटी पुलिस - फ़ोटो रिपोर्टर
VAISHALI: वैशाली में उस वक्त अफरा-तफरी मच गयी जब गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गयी। घटना भगवानपुर थाना क्षेत्र के इमादपुर की है। बताया जाता है कि मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है। इस बात की चर्चा है कि प्रेमी ने पहले प्रेमिका को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार ली। हालांकि घटनास्थल से किसी तरह का हथियार बरामद नहीं हुआ है, जिससे यह पूरा मामला उलझ गया है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंच कर मामले की जांच में जुट गए है। युवती के पीठ में गोली लगी है जबकि युवक के सिर में गोली लगी। जिसमें युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वही गंभीर रुप से घायल लड़की का इलाज अस्पताल में चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार दो महीने बाद लड़की की शादी होने वाली है और शायद इसी वजह से लड़के ने लड़की को गोली मारी है।
उधर इमादपुर गांव के उपेंद्र साहनी ने बताया कि उनकी बेटी गंगा कुमारी की शादी दो माह बाद होने वाली है। जिसकी तैयारी में पूरा परिवार लगा हुआ था। इसी बीच देर शाम गांव के ही फेंकन साहनी का पुत्र पंकज कुमार ने घर मे घुसकर बेटी को गोली मार दी। उपेंद्र साहनी ने यह भी आरोप लगाया कि पंकज अपराधी प्रवृत्ति का था। कुछ दिन पहले ही वो जेल से छूटकर आया था।
उन्होंने अपनी बेटी और पंकज के बीच किसी तरह का प्रेम-प्रसंग होने की बातों से इनकार कर दिया है जबकि मृतक पंकज के पिता ने घायल लड़की गंगा और उसके पिता पर गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है। बहरहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुला लिया गया है।
लेकिन सवाल यह उठता है कि यदि पंकज ने लड़की को गोली मार कर खुद को गोली मारी तो मौके से हथियार क्यों नहीं मिला? और अगर लड़की के पिता ने पंकज को गोली मारी तब उसकी बेटी को गोली किसने मारी? बहरहाल पुलिस इस पूरे मामले को सुलझाने में जुट गई है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। इस घटना से इलाके में सनसनी फैली हुई है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका आरोप है कि उनके बेटे की हत्या की गयी है। परिजन इस पूरे मामले की छानबीन कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।