1st Bihar Published by: SANT SAROJ Updated May 25, 2026, 1:04:11 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: बिहार के सुपौल में त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां हरिहरपट्टी पंचायत के भगवानपुर वार्ड 5 में घरेलू विवाद के बाद 12 वर्षीय किशोरी ने दुपट्टे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका की पहचान श्रीलाल सादा की 12 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
परिजनों ने बताया कि रविवार शाम काजल की मां ने उसे खाना बनाने के लिए कहा था। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर मां ने उसे डांट दिया था। इसके बाद काजल नाराज होकर बिना खाना खाए अपने कमरे में सोने चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। परिवार वालों को लगा कि वह सो गई है।सोमवार सुबह जब परिजन उसे जगाने पहुंचे तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला।
इसके बाद जब किसी तरह कमरे के अंदर देखा गया तो काजल दुपट्टे के सहारे फंदे से झूलती मिली। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि घरेलू परेशानी और मां की डांट से आहत होकर किशोरी ने यह कदम उठाया होगा। हालांकि,आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि काजल आठ भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी। उसकी बड़ी बहन की शादी हो चुकी है, जबकि उससे छोटी चार बहनें और दो भाई हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति भी काफी कमजोर बताई जा रही है। मृतका के पिता श्रीलाल सादा बाहर रहकर मजदूरी करते हैं और उसी से परिवार का भरण-पोषण होता है। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
लोगों का कहना है कि छोटी-छोटी बातों पर बच्चों का इस तरह तनाव में आ जाना बेहद चिंताजनक है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का लग रहा है मामले की हर बिंदुओं की बारिकी से जांच की जा रही है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकता है मामले की जांच जारी है।