1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 25, 2026, 2:07:04 PM
- फ़ोटो
PATNA: राजधानी पटना के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सुकृष्णा कॉमर्स एकेडमी द्वारा प्रतिभा सम्मान समारोह सह परिचय कार्यक्रम 2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ग्यारहवीं और बारहवीं परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही नए विद्यार्थियों को करियर और वाणिज्य शिक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।
समारोह में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 100 से ज्यादा वाणिज्य वर्ग के मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं 80 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले 200 से अधिक विद्यार्थियों को भी विशेष सम्मान दिया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों और अभिभावकों में काफी उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय सिंह, विशिष्ट अतिथि विधान पार्षद प्रो. नवल किशोर यादव, मिस यूनिवर्स बिहार रुपाली भूषण, संस्थान के निदेशक सीए विनय कुमार, सीए विवेक कुमार एवं वरिष्ठ सीए भारती सर द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर कंकड़बाग केंद्र के निदेशक शिवेंद्र प्रताप आजाद, अनीसाबाद केंद्र के निदेशक रितेश कुमार, गोला रोड एवं सगुना मोड़ केंद्र के निदेशक दीपक कुमार और आशियाना केंद्र के निदेशक प्रणव कुमार भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में संस्थान के सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र को 10 हजार रुपये का चेक देकर सम्मानित किया गया। वहीं दूसरे और तीसरे स्थान पर आने वाले विद्यार्थियों को पांच-पांच हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। सम्मान पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री संजय सिंह ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने छात्रों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
संस्थान के निदेशक विनय कुमार ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन और बेहतर शैक्षणिक माहौल की जरूरत है। उन्होंने कहा कि संस्थान के छात्रों ने कठिन मेहनत और लगन के बल पर शानदार सफलता हासिल की है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
वहीं निदेशक विवेक कुमार ने कहा कि सुकृष्णा कॉमर्स एकेडमी सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास को मजबूत बनाने पर भी विशेष ध्यान देती है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर भविष्य के लिए तैयार करना है।
वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट भारती सर ने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि परिचय कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को संस्थान की अध्ययन पद्धति, अनुशासन और करियर की संभावनाओं से परिचित कराना है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी।
इस मौके पर बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक, छात्र-छात्राएं और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान छात्रों की उपलब्धियों की सराहना की गई और उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया।