1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 30, 2026, 8:04:08 AM
सीवान में पुलिस एनकाउंटर - फ़ोटो Google
Bihar Crime News: बिहार में सम्राट सरकार के तहत पुलिस लगातार अपराधियों पर सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सीवान में गुरुवार तड़के करीब 3 बजे एक बड़े एनकाउंटर में पुलिस ने पूर्व एमएलसी मनोज कुमार सिंह के भांजे हर्ष सिंह की हत्या के आरोपी को मुठभेड़ में गोली मार दी।
जख्मी अपराधी की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा निवासी छोटू कुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया था, लेकिन गिरफ्तारी के दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से वह घायल हो गया। उसे पहले सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया।
यह घटना बुधवार शाम सीवान नगर थाना क्षेत्र के आंदर ढाला ओवरब्रिज के पास हुई थी, जहां गाड़ी टकराने के विवाद में अपराधियों ने मनोज कुमार सिंह के बहनोई चंदन सिंह और भांजे हर्ष सिंह को गोली मार दी थी। इलाज के दौरान हर्ष सिंह की मौत हो गई, जबकि चंदन सिंह को गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया।
घटना के बाद एसपी पूरन कुमार झा और नगर इंस्पेक्टर अविनाश कुमार ने मौके का निरीक्षण किया। घटनास्थल से एक गोली और एक खोखा बरामद हुआ है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि अन्य आरोपियों की पहचान की जा सके। जानकारी के मुताबिक, दोनों तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे, तभी रास्ते में अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया।
एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी, जिसमें उसने घटना में चार लोगों की संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस टीम आरोपी को हथियार बरामद कराने के लिए हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा गांव ले जा रही थी। जैसे ही पुलिस उसे बताए गए स्थान पर लेकर पहुंची और हथियार दिखाने को कहा, तभी छोटू ने अचानक हाथ छुड़ाकर हथियार निकाल लिया और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
एसपी के अनुसार, आरोपी ने करीब पांच राउंड फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें दो गोलियां उसके दोनों घुटनों में लगीं। इसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत काबू में ले लिया और इलाज के लिए भेजा गया। सीवान एसपी ने यह भी बताया कि छोटू का आपराधिक इतिहास रहा है और वह कुछ दिन पहले ही छपरा जेल से रिहा हुआ था। फिलहाल मामले की आगे जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।