1st Bihar Published by: SAURABH KUMAR Updated Jun 15, 2026, 11:26:48 AM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: बिहार के सीतामढ़ी जिले के सहियारा थाना क्षेत्र अंतर्गत हनुमान नगर गांव में रविवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका की पहचान हनुमान नगर गांव निवासी राजेदव मुखिया की करीब 50 वर्षीय पत्नी मनतोरिया देवी के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार मनतोरिया देवी रात में अपने घर में सो रही थीं। इसी दौरान अज्ञात अपराधी घर के पास पहुंचे और उन्हें गोली मार दी। गोली लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी राजीव कुमार, रीगा सर्किल इंस्पेक्टर, सहियारा थाना प्रभारी अर्चना कुमारी, एसआई सुमित कुमार समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला गंभीर है और हर बिंदु पर जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस की टीम अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।