Bihar Crime News: सीतामढ़ी के सोनबरसा के कन्हौली बाजार में शुक्रवार देर रात करीब डेढ़ दर्जन नकाबपोश और हथियारबंद डकैतों ने रामा शंकर गुप्ता के घर धावा बोलकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूट ली। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना रात 12:30 बजे से 1 बजे के बीच हुई। डकैत घर में मौजूद रामा शंकर गुप्ता की जमकर पिटाई की और हथियार के बल पर गोदरेज और अन्य अलमारियों की चाबी छीन ली। इस समय गृहस्वामी की पत्नी बीमार थी और उनका पुत्र शत्रुघ्न गुप्ता दवा लेने बाजार गया था।
लौटते समय वह घर में घुसने लगा, तभी डकैतों ने उसे रोक लिया। डाकुओं के हाथ में देसी पिस्तौल, कुल्हाड़ी और अन्य हथियार थे। घटना के दौरान लक्ष्मण और शत्रुघ्न गुप्ता ने शोर मचाकर घर से बाहर भागते हुए 'घर पर डकैत है' चिल्लाया।शोर सुनकर भीड़ घर की ओर दौड़ी, लेकिन डकैतों ने कई बम फोड़ दिए, जिससे लोग डर के मारे रुक गए।
चौकीदार सिकंदर राय, इंदल राउत और राम चंद्र राय पर भी बम फेंके गए, लेकिन तीनों बाल-बाल बच गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी और डीएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगालकर डकैतों की पहचान करने और गिरफ्तार करने में जुटी हुई है।





