Hindi News / crime / बिहार में तस्करी का नया खेल: दूल्हे की कार से तीन करोड़ का...

बिहार में तस्करी का नया खेल: दूल्हे की कार से तीन करोड़ का गांजा जब्त, STF का बड़ा एक्शन

Bihar Crime News: सीतामढ़ी में एसटीएफ और पुलिस ने शादी की बारात जैसी सजाई गई कार से 142.2 किलो गांजा बरामद किया। इस मामले में दो तस्कर भाइयों को गिरफ्तार किया गया है और जांच जारी है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 15, 2026, 2:00:22 PM

Bihar Crime News

बिहार में तस्करों का नया पैंतरा - फ़ोटो Google

Bihar Crime News: बिहार के सीतामढ़ी जिले में तस्करों ने गांजा तस्करी का ऐसा अनोखा तरीका अपनाया, जिसने पुलिस और एसटीएफ को भी हैरान कर दिया। नेपाल से लाई जा रही 142.2 किलोग्राम गांजे की बड़ी खेप को छिपाने के लिए तस्करों ने कार को दूल्हे की बारात वाली गाड़ी की तरह फूलों और मालाओं से सजा दिया था।


बिहार एसटीएफ और सुरसंड थाने की पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया गया। सुरसंड थाना क्षेत्र में हुई छापेमारी के दौरान एक क्रेटा कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 3 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।


तलाशी के दौरान कार से शादी जैसी सजावट के नीचे छिपाए गए गांजे के पैकेट बरामद हुए। इसके साथ ही एक बाइक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पुलिस ने मौके से दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान परिहार थाना क्षेत्र के मसहा गांव निवासी विकास महतो उर्फ विकास कुमार और उसके भाई अमृत कुमार के रूप में हुई है। दोनों उमेश महतो के पुत्र हैं।


पुलिस के अनुसार, यह दोनों लंबे समय से नेपाल से गांजा लाकर बिहार के विभिन्न जिलों में सप्लाई कर रहे थे। तस्करों ने शादी-ब्याह के सीजन में बारात वाली गाड़ियों की कम जांच का फायदा उठाने की योजना बनाई थी, ताकि किसी को शक न हो।


पूछताछ में मुख्य आरोपी विकास महतो ने स्वीकार किया कि वह नेपाल से गांजा मंगाकर कई जिलों में ऊंचे दामों पर बेचता था। एसटीएफ के मुताबिक वह इस नेटवर्क का मुख्य सरगना है और उसके तार अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस अब अन्य सहयोगियों और सप्लायरों की तलाश में जुटी है।


सुरसंड थाना अध्यक्ष लाल किशोर गुप्ता ने बताया कि नेपाल से बड़ी मात्रा में गांजा आने की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए वाहन की तलाशी ली गई और भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। इस मामले में सुरसंड थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में हाल के दिनों में ड्रग्स तस्करी के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है, और इस कार्रवाई को एसटीएफ की बड़ी सफलता माना जा रहा है।