SAMASTIPUR: समस्तीपुर जिले के बंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत डीह सरसौना गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान मौके से दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है।
समस्तीपुर के एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव के एक मकान में गैरकानूनी तरीके से हथियार बनाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर समस्तीपुर पुलिस, बंगरा थाना और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर इस अवैध फैक्ट्री का खुलासा किया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने डीह सरसौना निवासी दीपक कुमार सिंह और भागलपुर जिले के सुल्तानगंज निवासी राजेश चौधरी को गिरफ्तार किया। मौके से 2 पिस्टल, 6 मैगजीन, एक अर्धनिर्मित पिस्टल और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए गए।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। उन्होंने इस कार्रवाई को पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता बताया।





