1st Bihar Published by: RAMESH SHANKAR Updated Apr 21, 2026, 9:47:42 AM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर दिघरुआ गांव में एक विवाहिता का शव उसके ससुराल से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
मृतका के मायके वालों ने पति, सास और ननद पर पीट-पीटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के भाई मणिकांत के अनुसार, उनकी बहन की शादी वर्ष 2017 में इसी गांव के निवासी आलोक कुमार से हुई थी। शादी के समय दहेज में करीब 20 लाख रुपये और एक कार दी गई थी।
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा लगातार पैसों की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता के साथ मारपीट की जाती थी। मृतका के दो बच्चे भी हैं। हाल ही में जमीन रजिस्ट्री के नाम पर चार लाख रुपये की मांग की गई थी, जिसे पूरा नहीं करने पर उसकी हत्या कर दी गई।
मणिकांत ने बताया कि घटना की रात उन्हें फोन पर बहन के साथ मारपीट की सूचना मिली थी, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत की खबर दे दी गई। जब वे ससुराल पहुंचे तो घर में कोई मौजूद नहीं था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मृतका के शरीर पर बेल्ट, लाठी-डंडे से मारपीट और गला घोंटने के निशान थे। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- रमेश शंकर, समस्तीपुर