1st Bihar Published by: RAMESH SHANKAR Updated Feb 20, 2026, 2:12:18 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: बिहार के समस्तीपुर शहर के बहादुरपुर में बुधवार देर शाम रोहित कुमार अतुल ईश्वर पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने 5 नामजद और 5–7 अज्ञात अपराधियों के खिलाफ नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की है। सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें फायरिंग के बाद अपराधी एक सफेद रंग की कार से भागते दिख रहे हैं। फुटेज में कई राउंड गोलियों की आवाज भी सुनाई दे रही है। पुलिस ने घटनास्थल और भागने के रास्ते में लगे करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच कर फुटेज को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित किया है।
इसी बीच वैशाली जिले के हाजीपुर में गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र के पास एक सफेद ऑल्टो कार से एक अज्ञात युवक का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। गुरुवार शाम तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी। वैशाली एसपी ने बताया कि मृतक की पहचान और कार यहां कैसे पहुंची, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि समस्तीपुर में हुई फायरिंग की घटना से भी इस मामले को जोड़कर जांच की जा रही है, हालांकि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
फायरिंग मामले में लोजपा(रा) के अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष शत्रुध्न राय, राजीव सिंह उर्फ पुल्लू सिंह, राहुल यादव उर्फ चुसनी, मनीराम उर्फ मनिया और लक्की खान समेत अन्य अज्ञात को आरोपित किया गया है। समस्तीपुर एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि हाजीपुर में मिले शव के मामले में समस्तीपुर पुलिस लगातार वैशाली पुलिस के संपर्क में है। घटना के बाद से पुलिस की कई टीमें सक्रिय हैं।
डीआईयू के अलावा सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में नगर और मुफस्सिल थाना की टीमें अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस को प्रारंभिक जानकारी मिली है कि वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश वैशाली की ओर भागे थे। फिलहाल दोनों घटनाओं के संभावित कनेक्शन को ध्यान में रखते हुए हर बिंदु पर गहन जांच की जा रही है। वहीं, एक ही दल लोजपा(रा) के नेताओं के आमने-सामने आने की चर्चा भी इलाके में जोरों पर है।