Hindi News / crime / बिहार में अपराधियों का तांडव जारी: दिनदहाड़े दो युवकों को मारी गोली, एक...

बिहार में अपराधियों का तांडव जारी: दिनदहाड़े दो युवकों को मारी गोली, एक की मौके पर ही मौत दूसरे की हालत नाजुक

समस्तीपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने दो लोगों को गोली मार दी, जिसमें एक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और बाइक बरामद कर जांच शुरू कर दी है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 20, 2026, 6:12:07 PM

बिहार न्यूज

जांच में जुटी पुलिस - फ़ोटो रिपोर्टर

SAMASTIPUR:बिहार में अपराधी बेलगाम हो गये हैं, यही कारण है कि एक के बाद एक अपराध की वारदातों को बेखौफ अंजाम दे रहे हैं। ऐसा लगता है कि इनके अंदर पुलिस का डर खत्म हो गया है। इस बार अपराधियों ने समस्तीपुर जिले में अपनी उपस्थिति दर्ज करायी है। 


समस्तीपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने दो लोगों को गोली मारी है। इस घटना में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने दरभंगा रेफर किया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। घटना की सूचना पुलिस को दी गयी जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची।  


वहीं, घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है। पुलिस ने घटनास्थल पर से बुलेट बाइक बरामद की है साथ ही मौके पर से एक पिस्टल भी बरामद की गई है, जिसे जब्त कर पुलिस आगे की जांच पड़ताल में जुट गई है। फिलहाल, मृतक और घायल की पहचान नहीं हो पाई है। 


वारदात को क्यों और किसने अंजाम दिया, इस संबंध में भी जांच जारी है। फिलहाल, पुलिस इस घटना को गैंगवार मान रही है। बताया जाता है कि मृतक के शरीर में गोली लगने के तीन से चार निशान मिले हैं, जबकि जख्मी युवक को भी तीन गोली लगने की बात बताई जा रही है। 


बाइक सवार माधोपुर से बिरौली की ओर जा रहे थे तभी यह घटना हुई ।गोली चलने की आवाज के बाद घटनास्थल पर जुटे लोगों ने पहले पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घटनास्थल से घायल को उठाकर इलाज के लिए कल्याणपुर पीएचसी में भर्ती कराया। जहां से उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया गया है।


 स्थानीय लोगों की मानें तो दो अलग-अलग बाइक पर चार युवक थे, जिसे माधोपुर चौक के पास लोगों ने आपस में बात करते हुए देखा था। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर दोनों बाइक पर सवार चारों लोगों में बकझक हो गई। इसी दौरान एक बाइक सवार ने आगे चलकर सबक सिखाने की भी बात कही थी। 


कुछ दूर आगे चलने पर बाइक सवार ने पीछे से आ रहे बुलेट सवार पर गोली चला दी। जिससे मौके पर ही बुलेट सवार की मौत हो गई दूसरे को बदमाशों ने खदेड़ कर खेत में गोली मारी।  इधर घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तहकीकात शुरू की। बताया जाता है कि पुलिस ने घटनास्थल के समीप से एक पिस्तौल और कई खोखे बरामद की है। एएसपी संजय पांडेय ने बताया कि गोलीबारी की सूचना पर पुलिस को भेजा गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। मृतक और घायल की हुई पहचान हो गयी है। मृतक जितवारिया निवासी अमित कुमार राय उर्फ फेंकन और घायल चकमेहसी निवासी राजीव कुमार है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृतक का भी आपराधिक इतिहास रहा है। 


समस्तीपुर से रमेश शंकर की रिपोर्ट