Hindi News / crime / ससुराल गए युवक को पड़ोसी ने मारी गोली, मोबाइल चोरी के आरोप में...

ससुराल गए युवक को पड़ोसी ने मारी गोली, मोबाइल चोरी के आरोप में वारदात को दिया अंजाम

Bihar Crime News: सहरसा के बैजनाथपुर थाना क्षेत्र में मोबाइल चोरी के विवाद के दौरान एक युवक को गोली मार दी गई। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

1st Bihar Published by: RITESH HUNNY Updated Jun 13, 2026, 4:10:18 PM

Bihar Crime News

- फ़ोटो Reporter

Bihar Crime News: सहरसा के बैजनाथपुर थाना क्षेत्र में मोबाइल चोरी के आरोप को लेकर हुए विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई। घायल युवक को लॉर्ड बुद्धा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


घायल युवक की पहचान पतरघट थाना क्षेत्र के गोलमा पूर्वी पंचायत अंतर्गत घोघनपट्टी वार्ड नंबर 3 निवासी परमानंद यादव के 25 वर्षीय पुत्र मंजेश कुमार यादव के रूप में हुई है। वह अपने ससुराल बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर वार्ड नंबर 5 में आया हुआ था।


जानकारी के अनुसार, शनिवार को ससुराल में पड़ोसी सन्नी नामक युवक का मोबाइल गुम हो गया था। इसके बाद मोबाइल चोरी को लेकर ससुराल पक्ष और पड़ोसियों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान मंजेश पर भी मोबाइल चोरी का आरोप लगाया गया।


मंजेश के अनुसार, जैसे ही वह मौके पर पहुंचा, उस पर भी चोरी का आरोप लगाकर विवाद बढ़ गया और इसी दौरान गोलीबारी शुरू हो गई। गोली उसके दाहिने जांघ में आर-पार हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।


घायल अवस्था में परिजनों ने उसे तुरंत सहरसा स्थित लॉर्ड बुद्धा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ आलोक कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि यह घटना आपसी विवाद का परिणाम है और गोली चलाने वाला आरोपी फिलहाल फरार है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच आगे बढ़ा दी गई है।