1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 18, 2026, 12:58:19 PM
- फ़ोटो Google
RSS Office Attack: रांची स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय परिसर पर पेट्रोल बम हमले के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को झारखंड पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी रांची से दिल्ली भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें चलती ट्रेन से दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी रांची-नई दिल्ली झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस से दिल्ली की ओर जा रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची, बोकारो और कोडरमा पुलिस ने समन्वित अभियान शुरू किया और ट्रेन में आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस टीम विभिन्न स्टेशनों से ट्रेन में सवार होकर लगातार निगरानी करती रही। गयाजी जंक्शन पार करने के बाद औरंगाबाद जिले के रफीगंज के पास ट्रेन की जनरल बोगी से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूरे ऑपरेशन की निगरानी रांची के सिटी एसपी द्वारा की जा रही थी। पुलिस की रणनीति और विभिन्न जिलों के बीच समन्वय के चलते आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हो सकी।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को रफीगंज स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर रांची ले जाया गया, जहां उनसे मामले को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमले के पीछे की साजिश क्या थी और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।
इस कार्रवाई में तिलैया थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनय कुमार सिंह सहित रांची, बोकारो और कोडरमा पुलिस के कई अधिकारी और जवान शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने इसे समन्वित कार्रवाई का सफल उदाहरण बताया है। गौरतलब है कि रांची स्थित आरएसएस कार्यालय परिसर में पेट्रोल बम हमले की घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर थीं और फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी।