Bihar Crime News: बिहार के पूर्णिया जिले के केहाट थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। घटना पूर्णिया कॉलेज चौक के पास हुई, जहां पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से दो राइफल, 53 गोलियां और दो खोखा बरामद किए गए, साथ ही घटनास्थल से दो लग्जरी वाहन भी जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई: सरसी निवासी सिट्टू सिंह, कासगंज जिले के पटियाली थानान्तर्गत भेसरासी निवासी रिटायर्ड आर्मी जवान मुकेश सिंह, एटा जिले के नया गांववासी रिटायर्ड आर्मी जवान नरसिंह सिंह, कटिहार के फलका थाना के चंदवा गांव निवासी शुभम कुमार, और भागलपुर जिले के गोपालपुर थानान्तर्गत लतरा गांव वासी रूपेश कुमार।
एसपी स्वीटी सहरावत ने बताया कि सरसी और महेशखूंट थाना में दर्ज आर्म्स एक्ट और हत्या के मामलों में इनामी बदमाश छोटू सिंह को सिट्टू सिंह, पुंकेश और अन्य साथियों के साथ देखा गया था। सूचना के आधार पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से सत्यापन किया और मधुबनी थाना में केस दर्ज किया।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपियों ने पूर्णिया कॉलेज चौक के पास इकट्ठा होना शुरू कर दिया है। सदर वन एसडीपीओ के नेतृत्व में शहर के कई थानों और टेक्निकल सेल की टीम मौके पर पहुंची। आरोपियों की ओर से दो राउंड फायरिंग की गई। जवाब में पुलिस ने चेतावनी के साथ एक फायर किया और पांच आरोपियों को हथियार सहित गिरफ्तार किया। हालांकि, दो-तीन बदमाश मौके से भागने में सफल रहे।
पूछताछ में पता चला कि मुठभेड़ के दौरान बीकोठी थाना के मौजमपट्टी निवासी कुख्यात शाहिल सौरभ भी स्थल पर मौजूद था। वह मौका पाकर अन्य बदमाशों के साथ भाग गया। पुलिस की टीम ने रात भर उसकी तलाश और छापेमारी जारी रखी। पुलिस के अनुसार पूर्णिया कॉलेज चौक पर शाहिल का घर निर्माणाधीन है, जहां आरोपी इकट्ठा हुए थे।


