Hindi News / crime / बिहार में वार्ड सदस्य की दिनदहाड़े पीट-पीटकर हत्या, आपसी विवाद में वारदात को...

बिहार में वार्ड सदस्य की दिनदहाड़े पीट-पीटकर हत्या, आपसी विवाद में वारदात को दिया अंजाम; महिला आरोपी अरेस्ट

Bihar Crime News: पूर्णिया में गोतिया विवाद के चलते वार्ड सदस्य अशफाक अंसारी की दिनदहाड़े पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य पांच फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 25, 2026, 9:12:32 AM

Bihar Crime News

- फ़ोटो Google

Bihar Crime News: बिहार के पूर्णिया जिले के अनगढ़ थाना क्षेत्र के धुसमल गांव में गुरुवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना हुई। आपसी विवाद के चलते धुसमल पंचायत वार्ड संख्या 9 के निर्वाचित सदस्य अशफाक अंसारी (57 वर्ष) की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।  


परिजनों के अनुसार, वारदात दोपहर करीब 1 से 1:30 बजे के बीच हुई। गांव के ही कुछ लोग पुरानी रंजिश और गोतिया विवाद को लेकर अशफाक अंसारी के घर के आंगन में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।  


मृतक की पुत्री सुहाना ने एफआईआर दर्ज कराई है, जिसमें अफसर आलम उर्फ मुन्ना की पत्नी नबीसता, नैमोद्दीन, नाजमीन, खुशनूर, खुशनंती और नफीस को नामजद किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी नबीसता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य पांच आरोपियों की तलाश जारी है।  


घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा और तनाव का माहौल है। थाना अध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।