1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 15, 2026, 6:20:05 PM
- फ़ोटो Reporter
Patna Crime News: पटना के फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के सुमित्रा अपार्टमेंट में 12 फरवरी 2026 को एक कोचिंग छात्रा की छत से गिरकर हुई मौत के मामले में पुलिस जांच अब अहम निष्कर्षों तक पहुंचती दिख रही है। शुरुआत में परिजनों द्वारा कुछ लोगों पर संदेह जताए जाने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की गहन जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का विस्तृत निरीक्षण किया और एफएसएल टीम व डॉग स्क्वायड की मदद से हर पहलू की वैज्ञानिक जांच कराई। हालांकि, जांच के दौरान हत्या से जुड़े कोई ठोस साक्ष्य सामने नहीं आए।
AIIMS पटना के मेडिकल बोर्ड द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में भी किसी प्रकार के यौन शोषण की पुष्टि नहीं हुई। रिपोर्ट में बताया गया कि छात्रा की मौत के मामले में जो साक्ष्य पाए गए हैं, वह ऊंचाई से गिरने के जैसे हैं।इसके बाद एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल का सीन रिक्रिएशन कराया गया, जिसमें घटना सामान्य कूद की स्थिति से मेल खाती पाई गई। वहीं, जिन लोगों पर संदेह जताया गया था, उनका CFSL नई दिल्ली में पॉलीग्राफ टेस्ट भी कराया गया, जिसमें उनकी संलिप्तता के कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिले।
इन सभी वैज्ञानिक तथ्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस का मानना है कि यह मामला आत्महत्या का हो सकता है। हालांकि, छात्रा के इस कदम के पीछे की वजहों का अभी पता नहीं चल पाया है और पुलिस इस दिशा में जांच जारी रखे हुए है। नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भानुप्रताप सिंह ने मीडिया को बताया कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।
रिपोर्ट- सूरज कुमार, पटना