Patna Crime News: राजधानी पटना में लगातार सामने आ रहे चैन स्नैचिंग की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना पुलिस ने एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। 28 नवंबर 2025 को राजीवनगर और कंकड़बाग थाना क्षेत्रों में सोने की चेन छीनने की दो अलग-अलग घटनाएं दर्ज की गई थीं।
वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल ने तकनीकी जांच, मानवीय आसूचना और CCTV फुटेज के आधार पर सिर्फ कुछ ही घंटों में इस गिरोह के मुख्य आरोपी शुभम कुमार को गिरफ्तार कर लिया। शुभम, श्रीकृष्णापुरी थाना कांड संख्या 129/25 का भी मुख्य आरोपी है और उसके खिलाफ 25 से अधिक आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
मुख्य आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह में शामिल अन्य तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है, जिनमें 01 सोने की चेन, 1 गला हुआ सिक्का, 1 गला हुआ टुकड़ा, 14 पीस ईयरिंग, घटना में प्रयुक्त बाइक, 3 मोबाइल फोन और 9,350 कैश शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी गिरोह के अन्य सदस्य संतोष कुमार एवं बिट्टू कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पटना मध्य की सिटी एसपी दिक्षा ने बताया कि पटना पुलिस शहर में अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार सख्ती बरत रही है।
चैन छिनतई जैसे घटनाओं में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ अभियान तेज किया गया है और ऐसे अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि पूरे गिरोह को पकड़ना पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण सफलता है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।





