Hindi News / crime / पिछले महीने पटना में 4 घरों में हुई थी चोरी, शातिर अपराधी को...

पिछले महीने पटना में 4 घरों में हुई थी चोरी, शातिर अपराधी को पुलिस ने नालंदा से दबोचा, कैश और जेवरात बरामद

पटना में बढ़ती चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी के चार मामलों का खुलासा किया। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लाखों रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 25, 2026, 10:00:55 PM

बिहार न्यूज

पुलिस की बड़ी कार्रवाई - फ़ोटो सोशल मीडिया

PATNA: पटना में पिछले महीने 4 घरों में चोरी की घटनाएं हुई थी। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। 


पाटलिपुत्र और श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्रों में पिछले महीने हुई 4 घरों में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन किया है। नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने इस ऑपरेशन में अहम भूमिका निभाई। टीम में SIU और CCTV कंट्रोल यूनिट के विशेषज्ञों को शामिल किया गया, जिन्होंने तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।


जांच के दौरान पुलिस ने नालंदा जिले में छापेमारी कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी के क्रम में उसके पास से 7 लाख 97 हजार 300 रुपये नकद, चोरी के पैसों से खरीदा गया एक iPhone और एक कलाई घड़ी बरामद की गई।


इसके अलावा पुलिस ने भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण भी जब्त किए हैं। इनमें सोने की चेन, कड़ा, ब्रेसलेट, टॉप्स, हीरा जड़ित आभूषण, लॉकेट के साथ-साथ चांदी के पायल और सिक्के शामिल हैं।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है और वह पेशेवर तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। इस गिरफ्तारी के साथ ही चारों मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया गया है।

पटना से सूरज की रिपोर्ट