Hindi News / crime / पटना में NEET छात्र ने हॉस्टल के कमरे में जहर खाकर दी जान,...

पटना में NEET छात्र ने हॉस्टल के कमरे में जहर खाकर दी जान, सुसाइड नोट बरामद

Bihar Crime News: पटना के नालंदा रेजीडेंसी हॉस्टल में नीट छात्र श्रेयम ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। शव के पास सुसाइड नोट और ज़हर की बोतल मिली। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू की है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 28, 2026, 2:52:53 PM

Bihar Crime News

- फ़ोटो Reporter

Bihar Crime News: पटना के एसके पुरी थाना क्षेत्र के एनपथ स्थित नालंदा रेजीडेंसी हॉस्टल में एक NEET छात्र ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर के भगवानपुर निवासी श्रेयम के रूप में हुई है, जो पिछले दो वर्षों से हॉस्टल के फ्लैट नंबर 303, बेड नंबर 98 में रहकर मेडिकल की तैयारी कर रहा था।


घटनास्थल से पुलिस को सोडियम एजाइड (जहर) का डिब्बा और एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। जिस कमरे में श्रेयम रहता था, वहां उसका एक रूममेट भी था, लेकिन वह परीक्षा के कारण अपने घर गया हुआ है।


बगल के कमरे में रहने वाले छात्र अंश के अनुसार, श्रेयम पिछले तीन दिनों से काफी शांत दिख रहा था। वह कभी-कभी बातचीत के लिए आता था, लेकिन इस तरह चुप पहले कभी नहीं देखा गया। घटना की रात देर तक उसके कमरे से फोन पर बातचीत की आवाज सुनाई दे रही थी। सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, तो हॉस्टल के लोगों ने दरवाजा तोड़ा और उसे बेड पर अचेत अवस्था में पाया।


हॉस्टल के मालिक बृजेश कुमार ने बताया कि श्रेयम करीब 2 साल 1 महीने से यहां रह रहा था और पटना के ऐलेन कोचिंग से मेडिकल की तैयारी कर रहा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल की टीम मामले की जांच में जुट गई। उधर, घटना के बाद मृतक छात्र के परिजनों में कोहराम मच गया है।