Patna Crime News: पटना पुलिस ने सूखे नशे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 70 लाख मूल्य का लगभग 4 क्विंटल अवैध गांजा बरामद किया है। इस मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
दरअसल, 08 मार्च को मोकामा थाना को सूचना मिली कि असम से बख्तियारपुर की ओर जा रहे एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध गांजा लदा हुआ है। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक पटना और पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) पटना के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने मोकामा थाना क्षेत्र में इथेनॉल फैक्ट्री के पास बैरिकेडिंग लगाकर वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस जांच को देखते ही एक ट्रक को इथेनॉल फैक्ट्री से करीब 100 मीटर पहले रोक दिया गया और चालक समेत तीन लोग भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ट्रक में मादक पदार्थ गांजा लदा हुआ है। इसके बाद अंचलाधिकारी मोकामा की मौजूदगी में ट्रक की तलाशी ली गई, जिसमें कुल 398.6 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पटना के ग्रामीण एसपी कुन्दन कुमार ने बताया कि मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
बता दें कि बिहार में शराबबंदी कानून के लागू होने के बाद से सूखे नशे का चलन तेजी से बढ़ा है। राज्य में कम उम्र के बच्चे भी अब इसकी गिरफ्त में आते जा रहे हैं। बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान भी विधायकों ने सदन में इस मामले को मजबूती से उठाया था, जिसपर सरकार ने सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया था।




