1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 04, 2026, 4:52:17 PM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Bihar Crime News: राजधानी पटना के खुसरूपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुई अंधाधुंध फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। खुसरूपुर के चैनपुर गांव में अपराधियों ने खुलेआम ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, करीब 50 राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आ रही है।
इस फायरिंग में 12 वर्षीय नेहा कुमारी, 50 वर्षीय सोना देवी और 26 वर्षीय दीपक कुमार घायल हो गए। घायलों को पहले स्थानीय स्तर पर इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि नेहा कुमारी और सोना देवी के पैर में गोली लगी है, जबकि दीपक कुमार के पेट में गोली लगने से उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायल दीपक कुमार ने बताया कि वह गिट्टी-बालू के व्यवसाय से जुड़े हैं। आरोप है कि गांव के ही एक दबंग व्यक्ति ने गिट्टी-बालू गिराने के एवज में 2,000 रुपये कमीशन की मांग की थी। रंगदारी नहीं देने पर करीब 10 से अधिक लोगों ने मिलकर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सभी आरोपित चैनपुर गांव के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि फायरिंग की सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब दो घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची। इस दौरान इलाके में तनाव और भय का माहौल बना रहा।
घटना की सूचना मिलते ही खुसरूपुर थाना पुलिस और एसडीपीओ-2 भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल इस मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।