1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 04, 2026, 4:08:19 PM
खान सर पर गंभीर आरोप - फ़ोटो Reporter
Patna Coaching Controversy: पटना में खान सर के कोचिंग संस्थान पर कथित हमले के बाद मामला लगातार नया मोड़ ले रहा है। जिस ज्ञान बिंदु जी.एस. एकेडमी पर खान सर ने हमले का आरोप लगाया था, अब उसी प्रबंधन ने उलटे खान सर पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
ज्ञान बिंदु प्रबंधन ने दावा किया है कि घटना के दिन यानी 2 जून को खुद खान सर ने ही फायरिंग करवाई थी। प्रबंधन ने एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें कथित तौर पर खान सर के दो बॉडीगार्ड फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसी वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच करते हुए खान सर के दो अंगरक्षकों को हिरासत में ले लिया है।
गुरुवार को पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ज्ञान बिंदु एकेडमी के प्रतिनिधियों ने कहा कि फायरिंग से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और पुलिस जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी। प्रबंधन ने दावा किया कि उन पर लगाए गए आरोप निराधार हैं और जांच में उनके खिलाफ फायरिंग का कोई साक्ष्य नहीं मिला है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग कोचिंग सेक्टर में प्रतिस्पर्धा के कारण माहौल बनाकर विवाद खड़ा कर रहे हैं और जानबूझकर रौशन आनंद को निशाना बनाया जा रहा है।
ज्ञान बिंदु एकेडमी ने खान सर के उस दावे को भी चुनौती दी, जिसमें कहा गया था कि कम फीस लेने के कारण कुछ कोचिंग संस्थान उनसे नाराज हैं। एकेडमी की ओर से बताया गया कि उनकी फीस अन्य संस्थानों की तुलना में काफी कम है। प्रबंधन ने दावा किया कि खान सर के संस्थान में फीस इससे कहीं अधिक है, इसलिए यह आरोप गलत है।
एकेडमी ने यह भी दावा किया कि उनके संस्थान में अधिक छात्र पढ़ते हैं और पूरे पटना में सबसे कम फीस उन्हीं की है। साथ ही यह भी कहा गया कि उनकी तुलना में अन्य कोचिंग संस्थानों से बेहतर रिजल्ट दिया जा रहा है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के दावों के आधार पर सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।
रिपोर्ट- रजनीश रमण, पटना